राजस्थान के परबतसर नगरपालिका के वार्ड 13 में भाजपा प्रत्याशी कैलाशचंद को सिर्फ एक वोट मिला। कांग्रेस की हिना खानम ने 376 वोट लेकर जीत दर्ज की, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी को 195 वोट मिले।
राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगरपालिका के वार्ड नंबर 13 का चुनाव परिणाम चर्चा में है। यहां भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी कैलाशचंद को महज 1 वोट मिला। हैरानी की बात यह है कि NOTA को भी 1 वोट मिला।
इस वार्ड में कांग्रेस की हिना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी रसीद खां को 195 वोट मिले। यानी निर्दलीय प्रत्याशी को भी भाजपा प्रत्याशी से 194 वोट ज्यादा मिले।
रिपोर्ट के मुताबिक, कैलाशचंद खुद वार्ड नंबर 12 के मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी ने उन्हें नजदीकी वार्ड नंबर 13 से चुनाव मैदान में उतारा था। यही वजह है कि वे अपने वार्ड में खुद मतदान नहीं कर सके।
परबतसर के इस नतीजे ने स्थानीय चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के महज एक वोट पर सिमटने को लेकर खूब चर्चा छेड़ दी है।

0 Comments